हाथरस: भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान बारिश से बर्बाद हुई फसल को देखते हुए।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बारिश और ओलावृष्टि से पीड़ित किसान मुआवजे की मांग को लेकर कृषि कार्यालय पहुंच रहे हैं। उप कृषि निदेशक कार्यालय पर 250 से अधिक किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। इस आधार पर कृषि और राजस्व विभाग की टीमें नुकसान का आंकलन करने में जुट गई हैं।
पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसान को परेशानी में डाल दिया है। कुछ इलाकों में तो आलू की फसल बारिश के पानी में डूब गई है। किसान खेतों से पानी को निकालने में लगे हुए हैं, ताकि पानी के कारण आलू खराब नहीं हो। दूसरी ओर किसान आलू के नुकसान की भरपाई के लिए कृषि कार्यालय पहुंच रहे हैं, ताकि उनके नुकसान का मुआवजा मिल सके। फसल का बीमा करने वाली कंपनियां भी अपने स्तर से नुकसान का आंकलन करा रही हैं। डीडी कृषि कार्यालय में आईं 250 से अधिक शिकायतों के बाद कृषि व राजस्व की टीमें जिलेभर में गांव गांव जाकर किसानों के साथ खेतों का भ्रमण कर नुकसान का आंकलन कर रही हैं।
बारिश, ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर अभी तक हमारे कार्यालय में ढाई सौ से अधिक किसानों के पत्र प्राप्त हो चुके हैं। कुछ किसानों ने ऑन लाइन भी इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। नुकसान का आंकलन करने के बाद शासन को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी, ताकि नुकसान के आधार पर किसानों के उनकी फसल का मुआवजा मिल सके।
-एचएन सिंह, उप कृषि निदेशक।