संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कासगंज रोड स्थित गांव खेमगढ़ी में सोमवार की शाम सड़क किनारे खड़े एक किसान को कार ने रौंद दिया। इससे किसान की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने ईंट-पत्थर मारकर कार के शीशे तोड़ दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर कार को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार एटा के रनवीर सिंह के अजय प्रताप सिंह (35) कासगंज रोड स्थित भोले बाबा दूध डेयरी पर काम करता था। गांवों में दूध के लिए संपर्क करने जाता था। सोमवार की दोपहर दो बजे बाइक से उतर कर गांव खेमगढ़ी के बाहर सड़क पर खड़े होकर अपने साथी से बात कर रहा था। इसी दौरान कासगंज की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने उसे रौंद दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि अजय प्रताप को गंभीर चोटें आई तथा उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर एकत्रित हुई भीड़ ने कार पर पत्थर बरसा कर शीशे तोड़ दिए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा भीड़ को तितर-बितर कर कार चालक को हिरासत में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे।