न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
आरपीएम कॉलेज से 12वीं की पढ़ाई पूरी करने वाली जिले की सीमा से सटे गांव बढ़ा कलां निवासी किसान की बेटी श्रीलंका में चौके-छक्के लगाएगी। श्रीलंका में होने वाले हैरी प्रीमियर लीग में जूनियर महिला वर्ग की टीम में खेलने के लिए छाया को चुना गया है। इसे लेकर उसके परिवार के लोग काफी खुश हैं।
मार्च महीने में ही श्रीलंका में हैरी प्रीमियर लीग का आयोजन होगा। इस टूर्नामेंट में जिले की सीमा से सटे गांव बढ़ा कलां निवासी किसान विजय कुमार की बेटी छाया चौधरी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। हाथरस के आरपीएम इंटर कॉलेज से पढ़ाई करने वाली छाया चौधरी का चयन इस लीग के लिए हुआ है। ऑल राउंडर छाया को बल्लेबाजी करना अधिक पसंद है। एक सवाल के जवाब में छाया ने बताया कि उसका लक्ष्य इंडिया के लिए क्रिकेट खेलना है। छाया के पिता विजय कुमार किसान हैं और बेटी के चयन से खुश हैं।
मथुरा में कर रहीं क्रिकेट की तैयारी
गांव बढ़ाकलां निवासी छाया चौधरी इन-दिनों मथुरा में क्रिकेट की कोचिंग ले रही हैं। छाया ने बताया कि उनको रेसिंग और क्रिकेट खेलने का शौक पहले से ही शौक था, लेकिन उसका लक्ष्य भविष्य में क्रिकेटर बनने का है, इसलिए उसने क्रिकेट को चुना। छाया चौधरी का कहना है कि यूं तो वह ऑलराउंडर हैं, लेकिन उसे बल्लेबाजी करना ज्यादा पसंद है। श्रीलंका में होने वाले क्रिकेट मैच के बारे में छाया ने बताया कि यह हैरी प्रीमियर लीग हर वर्ष क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन कराती है। यह उसका सातवां सीजन है।
परिवार का मिल रहा पूरा सहयोग
छाया के पिता विजय कुमार चौधरी किसान हैं और उनकी मां गृहणी हैं। उनकी दादी विमलेश देवी ने बताया कि हमारे जमाने में तो बेटियों को गांव से बाहर पढ़ने तक के लिए नहीं जाने दिया जाता था, लेकिन मेरी नातिन तो विदेश में क्रिकेट खेलने जा रही है। मुझे इस बात की बहुत खुशी है। बेटी का चयन इस बात को साबित करता है कि किसी भी मायने में हमारी बेटियां बेटों से कम नहीं हैं। बस जरूरत उनका साथ देने की और उन पर विश्वास करने की है।