न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना महामारी को लेकर मेला श्रीदाऊजी महाराज परिसर में गणेश चतुर्थी व बल्देव छठ पर भीड़ एकत्रित होने से रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा खाका खींचा जा रहा है। मेला परिसर में जगह पर बैरियर बनाकर पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। हालांकि जिला प्रशासन विगत में ही मेला का आयोजन नहीं होने की बात कह चुका है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के चलते मेला श्रीदाऊजी महाराज का आयोजन नहीं होने को लेकर जिला प्रशासन पूर्व में ही स्थिति स्पष्ट कर चुका है। जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि मंदिर पर होने वाले परंपरागत कार्यक्रम ही चंद लोगों की उपस्थिति में ही पूरे किए जाएंगे। गणेश चतुर्थी व बल्देव छठ पर स्थानीय लोगों की मंदिर पर भीड़ एकत्रित नहीं हो, इसे लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। मेला परिसर में भीड़ को डायवर्ट करने और रोकने के लिए बैरियर बनाए जाएंगे।
एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश मीणा ने मेला परिसर का मुआयना किया। उन्होंने बैरियर के चिन्हांकन सहित अन्य स्थानों पर पुलिस फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आस्था के प्रतीक मंदिर श्रीदाऊजी महाराज में गणेश चतुर्थी और बल्देव छठ पर काफी भीड़ जुटती है, लेकिन इस बार कोरोना महामारी के मद्देनजर एक साथ भीड़ एकत्रित नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए इंतजाम किए ज रहे हैं। जगह-जगह पर बैरियर लगाए जाएंगे। पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी।