हाथरस: कोतवाली सदर में अवैध तमंचा फैक्टरी के मामले का खुलासा करते एएसपी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर नहरोई कट के पास से तमंचे बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। इस शातिर का दूसरा साथी वहां से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मौके पर बने, अधबने तमंचे, इन्हें बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
थाना कोतवाली सदर में अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक जगदीशचंद्र जब कुछ अभियुक्तों की तलाश में थे तो उन्हें सूचना मिली कि नहरोई कट के पास चरी के खेत में दो लोग अवैध रूप से तमंचे बना रहे थे। पुलिस ने जब इनकी घेराबंदी की तो राशिद पुत्र कयूम निवासी अल्हैपुर थाना चंदपा को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अवधेश निवासी गढ़ी लोहारी दरियागंज जिला कासगंज वहां से भागने में सफल रहा।
उन्होंने बताया कि मौके से कई बने और अधबने तमंचों के अलावा इन्हें बनाने का काफी सामान भी मिला है। पूछताछ में राशिद ने बताया कि वह अपने साथी के साथ जगह बदल-बदलकर तमंचे बनाते हैं और बेचते हैं। पुलिस ने इस मामले में इन दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा कायम किया है। दूसरे अभियुक्त की तलाश की जा रही है।