न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलेभर में ईद उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार खुलूस और अकीदत के माहौल में मनाया गया। कोरोना काल के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। परवरदिगार से मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी। इस दौरान कोरोना वायरस के खात्मे की भी दुआ मांगी। मुस्लिम बस्तियों में दिनभर मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा। पूरे दिन बस्तियों में रौनक बिखरी रही। काफी घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। सुरक्षा के लिहाज से ईदगाह पर पुलिस बल तैनात रहा। पूरे दिन पुलिस कर्मी गश्त करते रहे।
कोरोना वायरस के चलते ईद-उल-अजहा की नमाज मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में अदा की। चहारदीवारी के अंदर कुर्बानियां दी गईं। नमाज के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने अल्लाह से दुआ कि कोरोना वायरस को जल्द से जल्द खत्म हो। मुल्क में अमन चैन कायम हो। वहीं सुबह से शाम तक लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। पूरे दिन सोशल मीडिया पर भी ईद का उल्लास छाया रहा। सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोगों ने मुस्लिम समाज के लोगों के घर जाकर ईद की मुबारकबाद दी।
मुबारकबाद देने वालों में अगम प्रिय सत्संगी, बृजमोहन राही, लल्लन बाबू, रमन माहौर, वीरी सिंह कर्दम, विजय सिंह प्रेमी, मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर हाजी रिजवान कुरैशी, कुर्बान अली शहजादा, अब्दुल रहीम, साबिर हुसैन, नसरुद्दीन, इस्लाम अब्बासी, अकील हुसैन, लल्ला मिस्त्री, नवाब, शाहिद कुरैशी आदि थे।
डॉ. रईस अहमद अब्बासी ने प्रशासन और नगर पालिका को धन्यवाद दिया। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार व एसपी विक्रांतवीर ने संयुक्त रूप से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिकंदराराऊ के मोहल्ला नौरंगाबाद, गौसगंज, पुरानी तहसील, पुरदिलनगर और हसायन क्षेत्र में भ्रमण करते हुए मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की बधाई दी। सभी लोगों से कोरोना वायरस के चलते घरों में रहने की अपील की।
ईदगाह पर तैनात रही पुलिस फोर्स
हाथरस। कोरोना संक्रमण के चलते ईदगाह पर नमाज अदा नहीं हुई। वहां पुलिस फोर्स तैनात रही। पहले से ही मुस्लिम इंतजामिया कमेटी ने लोगों ने घरों पर ही नमाज अदा करने की अपील की थी। मस्जिदों में भी सामूहिक रूप से नमाज अदा नहीं की गई।