अब जलेसर रोड कहलाएगा सम्राट अशोक मार्ग
बदायूं सांसद ने किया नाम पट्टिका का अनावरण, भाजपा नेताओं का स्वागत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के मार्गों के नाम अब महापुरुषों के नाम पर रखे जा रहे हैं। इस क्रम में हाथरस-जलेसर रोड का नाम सम्राट चक्रवर्ती अशोक मौर्य के नाम पर किया गया है। चामड़ मंदिर के सामने जलेसर रोड पर इस नाम पट्टिका का अनावरण बदायूं की सांसद संघमित्रा मौर्य ने किया। इससे पहले उनका व अन्य भाजपा नेताओं का जोशीला स्वागत किया गया।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक विश्व के सभी महान एवं शक्तिशाली सम्राटों एवं राजाओं की पंक्तियों में हमेशा शीर्ष स्थान पर रहे हैं। सम्राट अशोक ही भारत के सबसे शक्तिशाली एवं महान सम्राट हैं। अब शासन की अनुमति से नगर के प्रमुख मार्गों का नाम भारत के महापुरुषों के नाम पर रखे जाने की कार्यवाही की जा रही है।
सांसद बदायूं ने नगर पालिका परिषद के इस काम की सराहना की। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के साथ हाथरस सदर विधायक हरीशंकर माहौर, जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, कृष्णमुरारी वार्ष्णेय, मुकेश सोनी, अनिल कुशवाहा, अंकित कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, लालबहादुर कुशवाहा, आरएन सिंह कुशवाहा, शीलेंद्र कुशवाहा, मूलचंद्र कुशवाहा, मनोज कुशवाहा आदि काफी लोग मौजूद थे।