हाथरस। अब एलप्राजोलाम टैबलेट का नमूना भी फेल हो गया है। नमूना फेल होने पर औषधि निरीक्षक ने कंपनी को नोटिस जारी कर दवा के विक्रय और वितरण पर रोक लगाने और जहां भी यह दवा सप्लाई की गई है, वहां से वापस मंगाने के निर्देश दिए हैं।
औषधि निरीक्षक पूरनचंद ने बताया कि कुछ समय पहले मुरसान गेट स्थित मोहन मेेडिकल स्टोर से मंडल स्तरीय टीम ने कुछ नशे की गोलियां पकड़ी थीं। इनका बिल भी दवा विक्रेता प्रस्तुत नहीं कर सका था। इस वजह से दवा विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया था। इन दवाओं में से एलप्राजोलाम टैबलेट बेच नंबर एनएचएन 1302 का नमूना जांच के लिए लैब भेजा गया था, जहां से आई जांच रिपोर्ट में दवा का नमूना फेल कर दिया है।
जांच रिपोर्ट में इस दवा में 100 फीसदी की जगह सिर्फ 82 फीसदी ही साल्ट पाया गया है। अब दवा कंपनी को नोटिस जारी कर इस दवा के क्रय व विक्रय पर रोक लगाने और जहां-जहां इस दवा को सप्लाई किया गया है, वहां से इस दवा को वापस मंगाने की चेतावनी दी है। इस मामले में औषधि नियंत्रक द्वारा वाद दायर करने के लिए भी औषधि निरीक्षक को निर्देशित किया है।