हाथरस : भंडारगृह में खराब पड़े ट्रांसफार्मर। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर से देहात तक बिजली चोरी का ग्राफ कम नहीं हुआ है। खासकर सर्दी के सीजन में बिजली की खपत बेतहाशा बढ़ गई है। सर्दी के सितम से बचने के लिए लोगों ने बिजली का खूब उपभोग किया। इस दौरान बिजली सिस्टम ओवरलोड हो गया। नतीजतन, जिले में पिछले तीन माह में 790 ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। इससे विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि बिजली अफसरों पर चोरी का आंकड़ा एक अंक में लाने का खासा दबाव है।
उल्लेखनीय है कि जिले में 64 बिजलीघरों के जरिये दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली दी जाती है। सर्दी के सीजन में बिजली की खपत का यह आलम रहा कि प्रतिदिन 500 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई। सर्दी बचने के लिए लोगों ने घरों में हीटर, ब्लोअर और अन्य उपकरणों का सहारा लिया। दूसरी ओर, किसानों ने फसलों को पाले से बचाने के लिए सिंचाई भी अधिक की, जिससे जिले का बिजली सिस्टम ओवर लोड हो गया।
जिलेभर में अक्तूबर से लेकर दिसंबर तक 790 ट्रांसफॉर्मर फुंक गए। इससे विभाग को लाखों रुपये की चपत लगी है। बिजली चोरी का ग्राफ शहर में 40 और देहात में 60 प्रतिशत बना हुआ है। बिजली चोरी को रोकने के लिए शहर से देहात तक चेकिंग अभियान भी ठप पड़ा हुआ है। इस कारण बिजली चोर आराम से मौज काट रहे हैं। अवर अभियंता कार्यशाला आरके सिंह का कहना है कि जिले में इतने ट्रांसफॉर्मर तो अक्तूबर से दिसंबर तक फुंक गए हैं। संवाद