मोहल्ला राजनगर नई बस्ती में बिजली की समस्या को दूर करने पहुंचे विद्युत कर्मी।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के प्रति बिजली महकमे के अधिकारी कतई गंभीर नहीं हैं। शुक्रवार की शाम को महकमे के उच्चाधिकारियों के ट्विटर हैंडल से लेकर फोन और बिजलीघर पर शिकायत किए जाने के बाद भी कस्बे के मोहल्ला राजनगर नई बस्ती के लोगों की विद्युत संबंधी समस्या का समाधान नहीं किया गया।
इस वजह से करीब 15 घंटे तक लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे से गुल हुई बिजली शनिवार की दोपहर करीब साढ़े 11 बजे सुचारु हो सकी। कस्बे के मोहल्ला राजनगर नई बस्ती में आए-दिन विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों में फाल्ट हो जाते हैं, लेकिन शिकायतों के बाद भी अफसर समस्या का स्थायी रूप से समाधान नहीं कराते हैं।
लिहाजा लोगों को आए-दिन विद्युत संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मोहल्ला राजनगर नई बस्ती में शुक्रवार की शाम करीब छह बजे तेज धमाके के बाद विद्युत तारों में आग लग गई। इसके बाद काफी देर तक वोल्टेज कम और अधिक होते रहे और बाद में बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत फोन पर बिजलीघर और ट्विटर हैंडल के जरिये अधिकारियों से की।
उच्चाधिकारियों ने तुरंत समस्या के समाधान के निर्देश दिए, लेकिन इन निर्देशों को हवा में उड़ा दिया गया। स्थानीय एक अधिकारी ने तो फोन तक रिसीव नहीं किया। बिजलीघर पर शिकायत के बाद बिजली तो काट दी गई, लेकिन बाद में आपूर्ति को सुचारु नहीं किया गया। लिहाजा रातभर लोगों ने बिजली संकट झेला। शनिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे विद्युत आपूर्ति सुचारु हो सकी।