संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
आंधी व बारिश के चलते शहर से लेकर देहात तक बिजली सिस्टम ध्वस्त हो गया। सोमवार की सुबह सात बजे आई तेज आंधी के दौरान शहर के गिजरौली ओढ़पुरा, वाटरवर्क्स, कांशीराम टाउनशिप, कोटा सबस्टेशन, देहात के चंदपा, मुरसान, नगला रति, सलेमपुर, हसायन आदि सबस्टेशनों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण करीब चार घंटे तक बिजली गुल रही।
बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। कल कारखानों की मशीनें थमी रही। दोपहर को बिजली आने के बाद लोगों ने अपने कामकाज निपटाए। इस मामले में एसडीओ विशाल निषाद का कहना है कि आंधी बारिश से कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही है। हालांकि आंधी से कोई नुकसान नहीं हुआ है।
- आंधी बारिश के दौरान कई घंटे बिजली गुल रही है। इस कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। वैसे भी हर रोज बिजली गुल होना आम बात है। - ललितेश कुमार।
- बिजली की लाइनें काफी पुरानी है। जरा सी तेज हवा चलने पर कई घंटे के लिए बिजली जाना आम बात हो गई है। बिना बिजली के कामकाज प्रभावित होते हैं। - शिव कुमार।
- बिजली विभाग को लाइनों की मरम्मत पर ध्यान देना चाहिए। आने वाले दिनों में आंधी बारिश और आएगी। इससे पहले व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। - महेश चंद्र।
- कभी रात में कभी दिन में बिजली गुल होना आम बात हो गई हे। सोमवार को आंधी बारिश की वजह से कई घंटे बिजली गुल रही। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की जरूरत है। - अनिल कुमार