न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में लोगों को आए-दिन बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर लाइनों में फॉल्ट के चलते बिजली आंख मिचौली का खेल खेल रही है। इस कारण कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोगों में गुस्सा है।
उल्लेखनीय है कि शहर से देहात तक लाइनें जर्जर हालत में हैं। जरा भी लाइनों में लोड बढ़ता है तो लाइनों में फॉल्ट हो जाते हैं। इस कारण लोगों को काफी काफी देर बिना बिजली के रहना आम बात हो गई है।
बृहस्पतिवार को शहर के प्रगतिपुरम, गिजरौली, नवीपुर, ओढ़पुरा आदि विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट हो गए। इस कारण लोगों को काफी देर तक बिजली की आंख मिचौली का सामना करना पड़ा। देहात के सलेमपुर, सोखना, चंदपा, नगला रति, वाहनपुर आदि विद्युत उपकेंद्रों की लाइनों में फॉल्ट के चलते लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। संवाद
जन्माष्टमी पर 24 घंटे बिजली के प्रयास
हाथरस। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके लिए मंदिरों में रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की जा रही है। ऐसे में बिजली सिस्टम पर लोड भी बढ़ेगा। इसको ध्यान में रखते हुए खुद अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह उपकेंद्रों का निरीक्षण करेंगे। उनका कहना है कि लोगों को पर्व पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने के प्रयास किए जाएंगे। संवाद