इगलास रोड, जिसका चौड़ीकरण होना है।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। हाथरस से इगलास का सफर करने वाले लोगों के लिए अब खुशखबरी है। इस मार्ग का सौंदर्यीकरण के साथ चौड़ीकरण होगा। 6.85 किलोमीटर के बीच का रोड दोनों ओर सात सात मीटर चौड़ा होगा। आचार संहिता खत्म होने के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। इससे राहगीरों को राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि सरकार मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण के साथ चौड़ीकरण पर खासा ध्यान दे रही है। 117 सड़कों को जून तक गड्ढामुक्त करने के साथ हाथरस से इगलास जाने वाले मार्ग पर भी अब लोग राहत भरा सफर करेंगे। हाथरस से हरिरामपुर के बीच करीब 6.85 किलोमीटर का रोड संकरा है। साथ ही फुटपाथ भी सही नहीं है। इस कारण यहां आए-दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। सड़क भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। इगलास को जोड़ने वाले लिंक रोड के अब दिन बहुरेंगे। ये मार्ग दोनों ओर सात सात मीटर चौड़ा होगा।
साथ ही मार्ग का सौंदर्यीकरण भी होगा। इस मार्ग के चौड़ा होने से समय की बचत के साथ दुर्घटनाओं में कमी आएगी। लोनिवि के एई जेसी अग्रवाल का कहना है कि आचार संहिता खत्म होने के बाद मार्ग के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम होगा।