संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
भीषण गर्मी में बिजली सिस्टम का दम फूल रहा है। ओवर लोडिंग के चलते शहर से देहात तक लाइनों में फॉल्ट हो रहे हैं। ट्रांसफार्मरों में धमाके हो रहे हैं। इस कारण शहर से लेकर देहात तक लोगों को रोजाना पांच घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को शहर के गिजरौली, ओढ़पुरा, नवीपुर, कांशीराम टाउनशिप, मुरसान आदि सबस्टेशनों से निकलने वाले फीडरों की लाइनो में आए दिन फॉल्ट हो रहे हैं। इस कारण लोगों को कभी दिन में तो कभी रात में चार से पांच घंटे बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोगों में आक्रोश है। विद्युत विभाग के कर्मियों की कमी के चलते फॉल्ट की समस्या दूर होने में देरी भी होती है। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि लोकल फॉल्ट के चलते बिजली गुल हो रही है। कर्मियों को जल्द से जल्द फॉल्ट को दूर कर बेहतर आपूर्ति के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
कभी दिन में तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। बिना बिजली के कामकाज प्रभावित हो रहा है। विभाग का जिस तरीके से बिल जमा कराने पर ध्यान रहता है। उसी तरह बिजली आपूर्ति पर अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए। - प्रमोद शर्मा।
- गर्मी के चलते आमजन पसीने से तरबतर हो रहे हैं। लेकिन पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। कभी दिन में तो कभी रात में बिजली गुल हो रही है। इस पर विभागीय अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए। बंटी ठाकुर।
- बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिना बिजली के खासी मुश्किलें हो रही हैं। जरा सी आंधी बारिश आ जाए तो फिर कोई पता नहीं कब बिजली आएगी। अधिकारियों को समस्या पर ध्यान देने की जरुरत है। रोहित राज।
- गर्मी में आए दिन बिजली गुल होने से काफी मुश्किलें आ रही हैं। कभी शटडाउन के कारण पर बिजली गुल रहती है तो कभी फॉल्ट के नाम पर है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण दिक्क्तें आ रहीं हैं।-अजय निर्मल।