न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट स्थित जिला पूर्ति कार्यालय में तैनात डीएसओ के स्टेनो के कोरोना संक्रमित निकलने से कलेक्ट्रेट परिसर में खलबली मच गई। पूरे परिसर का सैनिटाइजेशन कराया गया है। जिला पूर्ति कार्यालय में तैनात सभी कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग को सूचित किया गया है।
जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने से रुक नहीं रहा। शुक्रवार को जिला पूर्ति अधिकारी के स्टेनो सहित 10 लोगों की कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इन सभी को उपचार के लिए मुरसान के एल -1 हॉस्पिटल में भेजा गया है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पूर्ति कार्यालय में कार्यरत स्टेनो की कोरोना संक्रमित निकलने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में खलबली का माहौल हो गया। पूरे परिसर में नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा द्वारा सैनिटाइजेशन कराया गया। सुबह से ही जिला पूर्ति कार्यालय में ताला डाल दिया गया। लोगों का कार्यालय में प्रवेश वर्जित कर दिया गया। पूर्ति कार्यालय में तैनात स्टेनो के कोरोना संक्रीिमत निकलने के बाद कार्यालय में कार्यरत सभी को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजा गया।
तहसील में अस्थायी रूप से संचालित होगा कार्यालय
हाथरस। कलेक्ट्रेट स्थित पूर्ति कार्यालय में तैनात स्टेनो के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद अब कार्यालय को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है। डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि आवश्यक सेवा में आने के कारण कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से तहसील सदर में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।