न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास खंड हसायन के प्राथमिक विद्यालय बनवारीपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात शिक्षक पर स्कूल में शराब पीकर आने का आरोप है। इसे लेकर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
पिछले दिनों बनवारीपुर के प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में शिक्षक विनोद कुमार शराब पीये हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेकर बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी हसायन से प्रकरण में जांच कर रिपोर्ट मांगी। जांच में प्रधानाध्यापक विनोद कुमार द्वारा विद्यालय में शराब पीकर आने व अपने दायित्वों का निर्वहन न करने की पुष्टि हुई।
शासन द्वारा आयोजित कराई गई निपुण असिस्मेंट टेस्ट में रुचि न लेने, कार्यकाल के दौरान गंभीर अनियमितताओं व कर्तव्यों दायित्वों का निर्वहन न करने की पुष्टि हुई। इस आधार पर बीएसए ने प्रथम दृष्टिया प्रधानाध्यापक को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सहपऊ को दी गई है। निलंबन अवधि में विनोद कुमार को कार्यालय बीईओ सहपऊ से संबद्ध किया गया है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। संवाद