न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यदि कोई बस रास्ते में खराब हो जाती है। उस बस की सवारी दूसरी बस में बैठाने से मना करना चालक-परिचालकों को भारी पड़ेगा। इन चालक-परिचालकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। निगम के अफसरों ने ब्रेकडाउन की बस को तत्काल निकट की कार्यशाला में पहुंचाने के साथ सही कराने के निर्देश अफसरों को दिए हैं। अब होली पर्व को लेकर आय बढ़ाने के साथ यात्री सुविधा पर निगम खासा ध्यान दे रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो के बेड़े में वर्तमान में करीब 83 बसें हैं। इनमें काफी बसों में बैटरी की दिक्कत है। इसके अलावा कुछ बसें किलोमीटर पूरे करने के साथ नीलामी की प्रक्रिया में चल रही है। यह बसें आए-दिन बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ता है।
इन सब बातों को ध्यान में निगम के अफसरों ने निर्देश दिए हैं कि रास्ते में खराब होने वाली बसों के यात्रियों को मार्ग से गुजर रही बस में तत्काल शिफ्ट किया जाए। यदि कोई छोटी मोटी खामी है तो उसे चालक परिचालक स्वयं दूर करने का प्रयास करें। यदि कोई बड़ी दिक्कत है तो निकट की कार्यशाला पहुंचाए। यदि कार्यशाला द्वारा ब्रेकडाउन को अटैंड करने में देरी की जा रही तो इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को दें, ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके।