न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुस्लिम इंतजामिया कमेटी ने समाज के लोगों से कहा है कि जब तक शासन और प्रशासन की अनुमति नहीं मिले, तब तक वह किसी मस्जिद में अजान नहीं दें। कमेटी के पदाधिकारी व समाज के कुछ लोग इस सिलसिले मेें मंगलवार को डीएम से मिले।
मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर हाजी रिजवान अहमद कुरैशी, पूर्व सभासद रईस अहमद अब्बासी ने डीएम से मुलाकात कर कहा कि जिले में मस्जिदों से माइक से अजान पर पाबंदी जो शासन के आदेश से लगा रखी है, उससे मुस्लिम समाज के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पदाधिकारियों ने पांचों वक्त की अजान के लिए अनुमति दिए जाने की मांग की।
इन पदाधिकारियों के मुताबिक इस पर डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन के आदेश पर ही कार्रवाई की गई है। यदि शासन से कोई आदेश आता है तो अनुमति दे दी जाएगी। हाजी रिजवान ने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि जब तक शासन-प्रशासन से अनुमति नहीं मिले जब तक जिले में किसी मस्जिद में अजान नहीं दें। इस मौके पर सईद कुरैशी, शौबी कुरैशी, हुमायू खान, शहजाद खान, यूनिस, असलम खान, जहीर कुरैशी, बबलू, हाजी नबाब अब्बासी आदि मौजूद थे।