न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान 19 विभागीय कार्मिकों की मौत पर प्रशासन की ओर से मुहर लगा दी गई है। इन कार्मिकों के परिजनों को अनुग्रह राशि दिए जाने को लेकर संस्तुति पत्र शासन को भेज दिया गया है। वहीं एक कार्मिक की मौत की कोरोना से मौत होने की पुष्टि दस्तावेजों के आधार पर नहीं हो सकी है। जल्द ही इन 19 कार्मिकों के परिजनों को अनुग्रह राशि मिल सकेगी।
शासन स्तर से पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी करने वाले ऐसे कार्मिकों का डाटा मांगा गया था, जिनकी कोरोना से मौत हुई थी। इस आधार पर सीडीओ आरबी भास्कर ने सभी विभागों के विभागाध्यक्षों से ऐसे कार्मिकों का डाटा मांगा, जिनकी पंचायत चुनाव के ड्यूटी के दौरान कोरोना से मौत हुई। इस आधार पर बेसिक परिषदीय, माध्यमिक शिक्षा, केंद्रीय विद्यालय, सिंचाई खंड सहित अन्य विभागों ने अपने अपने कार्मिकों के डाटा को संकलित कर सीडीओ कार्यालय में उपलब्ध कराया। प्रशासन को विभिन्न विभागों से 20 नाम प्राप्त हुए। इन नामों को उनके दस्तावेजों के साथ स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष रखा गया।
स्क्रीनिंग कमेटी ने शासनादेश के आधार पर सभी दस्तावेजों का मिलान कराया। दस्तावेजों के आधार पर 15 कार्मिकों की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई। वही कमेटी ने शेष 5 नामों को उनके दस्तावेजों के साथ स्वास्थ्य विभाग से राय ली। इस स्वास्थ्य विभाग ने 4 नामों पर कोरोना संक्रमण से मौत की मुहर लगाई। इस आधार पर डीएम ने 19 कार्मिकों को अनुग्रह राशि दिए जाने को लेकर संस्तुति कर दी है। इस पत्रावली को शासन को भेज दिया गया है। सीडीओ आरबी भास्कर ने बताया कि प्रशासन स्तर से शासन को पत्रावली भेज दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही शासन स्तर से सभी मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि का लाभ मिल सकेगा।