हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड टीकाकरण के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कोविड-19 टीकाकरण की प्रगति संतोषजनक न होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने 23 जून से 30 जून के मध्य किए जाने वाले टीकाकरण के लिए समन्वय स्थापित करते हुए कार्ययोजना तैयार करने और अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्य योजना को ग्राम प्रधान, कोटेदार और सचिव को उपलब्ध कराने के साथ स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र आदि सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कराएं, जिससे लोगों को यह जानकारी हो सके कि उनके यहां टीकाकरण कब-कब और कितने समय पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जांच के दौरान जिस स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों से उनके यहां अब तक किए गए टीकाकरण एवं टीकाकरण के लिए लगाई गई टीमों और उनकी अपेक्षित प्रगति के बारे में जानकारी की। टीकाकरण में विकास खंड सिकंदराराऊ, हसायन, सहपऊ और सादाबाद की प्रगति खराब होने पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को टीकाकरण की नियमित रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी को खंड शिक्षा अधिकारी तथा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैनात अध्यापकों की ड्यूटी टीकाकरण कार्य में लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह में टीकाकरण के प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके व्यक्तियों की की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।