संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में विशेष पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन ने विकासखंड मुरसान की ग्राम पंचायत विसरात के संविलियन प्राथमिक विद्यालय तथा ग्राम पंचायत हतीसा प्राथमिक विद्यालय में पुनरीक्षण कार्य के तहत की गई कार्रवाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर तथा बीएलओ को अधिक से अधिक नए मतदाताओं का वोटर कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संविलियन प्राथमिक विद्यालय में उपस्थिति बीएलओ पूनम कुमारी से ग्राम पंचायत में मतदाताओं की संख्या एवं पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। बीएलओ ने बताया ग्राम पंचायत में कुल 959 वोटर हैं, जिसमें से 515 पुरुष मतदाता तथा 444 महिला मतदाता हैं।
आज नए वोटर कार्ड बनाए जाने के लिए 2 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका फॉर्म भर दिया गया है। वहीं सुपरवाइजर द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर डीएम ने नाराजगी जताई। इसी क्रम में उन्होंने प्राथमिक विद्यालय हतीसा विकासखंड मुरसान पुनरीक्षण से संबंधित कार्य का जायजा लिया। उपस्थित बीएलओ मंजू गुप्ता ने बताया कि नए मतदाताओं के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए हैं तथा नाम काटने के लिए दो आवेदन प्राप्त हुए हैं।
जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सुपरवाइजर तथा बीएलओ को गांव में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मुनादी कराने एवं ग्राम प्रधान के साथ बैठक कर अधिक से अधिक नए मतदाताओं का वोटर कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए अन्यथा संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।