हाथरस: जनता कर्फ्यू के चलते शहर का जायजा लेते डीएम,एसपी ।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोनो वायरस को लेकर जनता कर्फ्यू को लेकर सुबह सात बजे से ही जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी एसडीएम अपनी अपनी तहसील क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चौराहों, धार्मिक स्थलों, सब्जी मंडी, आदि स्थानों पर भ्रमण करते रहे।
लोगों को जनता कर्फ्यू में सहयोग बनाए रखने की अपील की। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने शहर के घंटाघर चौराहा सहित सभी तहसीलों में भ्रमण किया। इस दौरान एसपी गौरव बंसवाल भी मौजूद रहे। शहर व कस्बों में सड़कों पर दिखने वाले लोगों को घरों में रहकर जनता कर्फ्यू में सहयोग करने के बारे में जानकारी दी। डीएम सभी तहसीलों क्षेत्रों के सभी इलाकों की स्थिति फोन के माध्यम से अधीनस्थों से लेते रहे।
पीएम नरेंद्र मोदी के जनता कर्फ्यू के ऐलान के बाद प्रशासनिक अमला भी जनता कर्फ्यू को लेकर तत्काल सजग हो गया। जनता कर्फ्यू को लेकर समाज सेवी संगठनों, संस्थाओं के पदाधिकारियों से संपर्क कर कोरोना वायरस को लेकर जागरूकता बनाए रखने के बारे में बातचीत की। डीएम ने सभी सभी एसडीएम को अपने अपने क्षेत्रों में तहसीलदार, नायब तहसीलदारों के माध्यम से जनता कर्फ्यू पर निगरानी किए जाने के निर्देश दिए। शहर की सीमाओं पर सुबह से ही निगरानी शुरू कर दी गई।
शहर में आने जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई। क्षेत्र में भ्रमण के दौरान कुछ स्थानों पर लोग जनता कर्फ्यू होने के बावजूद सड़कों पर घूमते नजर आए तो उन्हें घरों में रहने की सलाह दी। डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए आम जन को जागरूक होना होगा। खुद की जागरूकता से इस वायरस से लड़ा जा सकता है।