न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन के निर्देश पर जिले में खाद्यान्न का निशुल्क वितरण किया जा रहा है। जिले के सभी राशन डीलरों को सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर दो से शाम छह बजे तक दो शिफ्टों में खाद्यान्न का वितरण किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
राशन डीलरों ने खाद्यान्न वितरण के दौरान सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए टोकन सिस्टम शुरू किया है। डीलरों ने अपने क्षेत्र में कार्डधारकों को टोकन का वितरण कर समय निर्धारित कर दिया है। टोकन नंबर आने पर कार्डधारक को खाद्यान्न का उपलब्ध कराया जाता है।
डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि जिले में अब तक 86 हजार कार्डधारकों को खाद्यान्न का वितरण किया जा चुका है। खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता के लिए पर्यवेक्षकीय अधिकारियों को तैनात किया गया है, जिससे सभी कार्डधारकों को शासन की मंशा के अनुरूप खाद्यान्न मुहैया हो सके। संवाद