संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
एटा व कासगंज के जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष और विधानसभा प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने मंगलवार को चेयरमैन रविकांत अग्रवाल के शीतगृह पर पत्रकार वार्ता की। इसमें भूपेंद्र सिंह ने भाजपा के साढ़े चार साल के कार्यकाल में हाथरस में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि साढ़े चार साल में सरकार ने ढांचागत व सामाजिक विकास कार्य के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
उन्होंने बताया कि हाथरस में आगरा-अलीगढ़ आगरा मार्ग पर दो लेन उपरिगामी सेतु का निर्माण, आवागमन को सुगम बनाने के लिए 33 सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण, 582 शहरी आवास, एक बस स्टैंड, अधिकारियों के लिए 19 आवास, एक अग्निशमन केंद्र, दो विकास खंड कार्यालय व आवासीय भवन, छह पेयजल परियोजनाएं, अलीगढ़ ड्रेन तक गंदा नाला के निर्माण कार्यों को पूरा किया गया।
सांसद निधि योजना के अंतर्गत साढ़े चार साल में 13 करोड़ की लागत से 156 संपर्क मार्ग व सोल लाइट अधिष्ठापन का कार्य किया गया। विधायक निधि योजना के तहत तीन विधानसभाओं में करीब 26 करोड़ की लागत से 303 आंतरिक गलियों में सड़क नाली निर्माण व सोलर लाइट अधिष्ठापन कार्य कराया गया।
उन्होंने बताया कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत विधानसभाओं में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से 14 सड़कों का नवनिर्माण कार्य पूरा कराया गया। 148 करोड़ से इंटरलॉकिंग टाइल्स, नाली, श्मशान, सामुदायिक शौचालय, सीवर संक्शन मशीन, मड पंप, पंपिग स्टेशन, हैंडपंप, आरओ प्लांट, नलकूप, जलाशय, फुटपाथ, पटरी निर्माण, बरातघर आदि का निर्माण कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब चार करोड़ की लागत और शिक्षा विभाग द्वारा करीब 28 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य कराए गए। मनरेगा योजना के तहत 105 करोड़ का व्यय कर कुल करीब 41 लाख मानव दिवसों का सृजन किया गया। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना शहरी व ग्रामीण के तहत 432 करोड़ की लागत से 8357 आवासों का निर्माण किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण व शहरी 178560 व्यक्तिगत व 810 सामुदायिक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण तथा 307 पंचायत भवन की मरम्मत व ऑपरेशन कायाकल्प का कार्य कराया गया। पत्रकार वार्ता के दौरान चेयरमैन रविकांत अग्रवाल, सुनील गौतम, प्रीती चौधरी, प्रभात पचौरी, अनिल पाराशर, राजेंद्र सिंह, हंवीर सिंह प्रधान, राजेंद्र सिंह धाकरे, अंशुल शर्मा, चंद्रभान सिंह, अंकुश गौड़, अमित पाराशर, योगेश शर्मा, सोनू पाराशर, सुधीर गर्ग, पवन अग्रवाल थे।