संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
जैसे-जैसे विधानसभा चुनावों नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे चुनावी चर्चाएं आम हो रही हैं। नगर के हर चौराहे और तिराहे पर चाय की दुकानों से लेकर पान मसाला, ढाबे आदि सभी जगह चुनावी चर्चाओं का दौर जारी है। शनिवार को तहसील रोड पर स्थित खली चाय वालों की दुकान पर भी चुनावी चौपाल सजी रही।
यहां लोग राजनीतिक दलों द्वारा मैदान में उतारे गए प्रत्याशियों का आकलन करने में जुटे रहे। तपन जौहर कहते हैं कि जनता की नजर में जो अच्छा, दमदार, शिक्षित और सर्वसमाज का भला करने वाला होगा, वही प्रत्याशी अबकी बार सादाबाद का विधायक बनेगा।
अबकी बार जनता हर प्रत्याशी को अच्छी तरह से परख रही है, देख रही है कि किस प्रत्याशी और किस दल का एजेंडा क्या है। क्षेत्र का विकास कराने वाले प्रत्याशी को ही वह अपना वोट देंगे। रामसूरत चौहान कहते हैं अच्छे, योग्य, शिक्षित और वायदे पर खरे उतरने वाले प्रत्याशी को ही वह अपना वोट देंगे।
हर बार नेता सिर्फ चुनावी लॉलीपॉप देकर चले जाते हैं। राजेश यादव एडवोकेट कहते हैं सादाबाद क्षेत्र में जो भी प्रत्याशी विकास कराएगा, जो यहां कि चिकित्सा, शिक्षा व्यवस्था को सुधरवाएगा, उनका वोट उसी प्रत्याशी को जाएगा। आशुतोष जैसवाल बोले कि सादाबाद में करबन नदी की सफाई होनी चाहिए, जो भी नदी को साफ स्वच्छ कराएगा, वह वोट भी उसी प्रत्याशी को देंगे।
मानिकचंद जैसवाल बोले कि सादाबाद बस स्टैंड की हालत से बद बदतर हो गई है, इसकी हालत सुधरवाया जाना अति आवश्यक है, सादाबाद को नगरपालिका का दर्जा दिलाए, ऐसा विधायक चुनना उनकी प्राथमिकताओं में होगा। अजब सिंह, अमन, पुष्पेंद्र सिंह, अनिल आदि लोग बोले कि जो गरीब, मजदूर, किसान की बात करेगा, वह वोट उसी को देंगे।