न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बाट माप विभाग अलर्ट हो गया है। लखनऊ में इलेक्ट्रॉनिक तराजू में रिमोट व चिप से घटतौली का मामला सामने आने के बाद विभाग की ओर से यहां भी निगरानी तेज कर दी गई है। विभाग की ओर से सिकंदराराऊ क्षेत्र में 23 दुकानदारों के चालान काटे गए हैं। इन सभी को नोटिस जारी किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि लखनऊ में इलेक्ट्रॉनिक तराजू में रिमोट व चिप से घटतौली का मामला सामने आया है। एसटीएफ की टीम ने इस मामले का पर्दाफाश किया है। अब यहां जिले में भी बाट माप विभाग अलर्ट हो गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक कांटों को चेक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। विभाग की ओर वरिष्ठ बाट माप निरीक्षक दुर्गेश कुमार दीक्षित, निरीक्षक लक्ष्मी कांत ने सिकंदराराऊ क्षेत्र में छापा मारा।
छापे के दौरान बाट माप विभाग की बिना मुहर के मापन यंत्र पाए गए। ऐसे 23 लोगों के चालान काटे गए हैं। विभाग की ओर से इन सभी दुकानदारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इस छापामारी को लेकर दुकानदारों में खलबली मच गई। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदार अपने मापन यंत्रों पर विभाग की मुहर लगवाकर अपना रजिस्ट्रेशन करा लें।