न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर जिला अस्पताल में वर्तमान में वेंटिलेटर कक्ष विशेषज्ञ चिकित्सक के न होने के कारण बंद पड़ा है। शनिवार को पूर्व चेयरमैन डौली माहौर ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर जिला चिकित्सालय में वेंटिलेटर के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि कोराना की दूसरी लहर ने आमजन को हिलाकर रख दिया है। लोग अपनी जिंदगी बचाने के लिए काफी कोशिशें कर रहे हैं। जिला अस्पताल में वेंटिलेटर होने के बाद भी वह बंद हैं। पूर्व चेयरमैन डौली माहौर ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि फिजीशियन न होने की वजह से वेंटिलेटर का संचालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने जल्द फिजीशियन की तैनाती के साथ वेंटिलेटर को चालू कराने की मांग की है। यह वेंटिलेटर जनता के लिए वर्तमान में संजीवनी का काम करेगा।