हाथरस : नहर के किनारे मृत मिले युवक का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पांच दिन से लापता एक युवक का शव मंगलवार की शाम को मेंडू रोड पर नहर के पुल के नीचे बरामद हुआ। शव को बाहर निकालने पर उसकी शिनाख्त नगला अलिया निवासी ज्ञानेंद्र के रूप में हुई। युवक मंडी समिति में पल्लेदारी करता था। पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला अलिया निवासी ज्ञानेंद्र (30 वर्ष)पुत्र ओमवीर अनाज मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। ज्ञानेंद्र पांच दिन पहले अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी ससुराल सिकंदराराऊ के गांव बैरी जा रहा है। तभी से वह लापता चल रहा था। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन मंगलवार की शाम को कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू के निकट नहर के पुल के नीचे लोगों को एक शव दिखाई दिया। लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पानी से बाहर निकाला गया। जानकारी पाकर पर ज्ञानेंद्र के परिवार के लोग भी आ गए। इन्होंने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हाथरस जंक्शन थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। संवाद