हाथरस : नाई का नगला में युवक की मौत के बाद लगी भीड़ और शव को ले जाते पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के मोहल्ला नाई का नगला में संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई। वह घर में अकेला था। पास में ही रहने वाली परिवार की ताई जब उसे खाना देने गई तो वह बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शहर के मोहल्ला नाई का नगला में करीब एक साल पहले एक विवाहिता की मौत हुई थी। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। परिवार के पांच लोग तभी से कहीं दूसरी जगह जाकर रह रहे हैं। इस परिवार का एक सदस्य अली हुसैन उर्फ पप्पू (45 वर्ष) पुत्र लियाकत अली खां यहां पर अकेला रह रहा था। पास ही में रह रही परिवार की एक महिला उसे खाना दे जाती थी। बताया जा रहा है कि अली हुसैन को करीब आठ दिन से बुखार का आ रहा था।
शुक्रवार की सुबह जब उसकी ताई उसके लिए खाना लेकर उसके पास पहुंची तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली सदर प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राठी ने बताया कि मृतक काफी समय से बीमार चल रहा है। मौत का सही कारण पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।