न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव नगरिया पट्टी देवरी में युवक का शव खेत में पड़ा मिला। जिसे लेकर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
दिलीप उर्फ बिंटा (40 वर्ष) पुत्र शैतान सिंह निवासी नगरिया पट्टी देवरी रविवार की सुबह घर से निकला था, लेकिन दोपहर को किसी ने सूचना दी कि उसका शव गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में पड़ा हुआ है। शव के पास एक डंडा और शराब का खाली क्वार्टर पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी होने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।
वहीं सूचना मिलने पर हसायन पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार की दोपहर को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक के छोटे भाई हेमंत ने हत्या की आशंका जताई है।