न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन ने ग्राम पंचायतों में हो रहे सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा किए जाने के निर्देश जारी किए हैं। इस क्रम में डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत को प्रतिदिन की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। इन शौचालयों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा शासन स्तर से भी लगातार की जा रही है। कई ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य धीमी गति से किया जा रहा है। इस पर डीपीआरओ ने नाराजगी जताई है।
डीपीआरओ बनवारी सिंह ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायतों में होने वाले सामुदायिक शौचालयों की प्रगति प्रतिदिन कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा है कि शासन स्तर से लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। समीक्षा के आधार पर कम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के पंचायत अधिकारियों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।