न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)।
सोशल मीडिया पर साइबर ठग पुलिस अधिकारियों की फर्जी आईडी बनाकर धोखाधड़ी का जाल बिछा रहे हैं। कस्बा मुरसान के रहने वाले दीपक ने बताया कि सोमवार की रात को करीब नौ बजे सोशल मीडिया के माध्यम से हाथरस में एसपी रहे एक आईपीएस के नाम से एक व्यक्ति ने फर्जी आईडी बनाकर मदद के लिए पैसों की मांग की है।
बता दें कि सोशल मीडिया पर दीपक के पास यह कोई पहला मामला नहीं आया है। दीपक ने बताया कि कुछ समय पहले हाथरस कोतवाली में तैनात रहे इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र के नाम से भी पैसे की मांग की गई थी, जिसमें पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले लोगों पर बड़ी कार्रवाई की थी। सोमवार की रात दीपक के पास फिर से एक आईपीएस के नाम से साइबर ठगों ने मदद के नाम पर पैसों की मांग की और कहा कि वह दूसरे दिन वापस कर देंगे। यह आईपीएस यहां एसपी के रूप में तैनात रहे हैं। दीपक का कहना है कि उनके द्वारा इन आईपीएस से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
बता दें कि यह साइबर ठग अब तक कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं, लेकिन जो लोग पहले शिकार बन चुके हैं या फिर उनसे मदद के नाम पर पैसों की मांग की गई है, वह लोग अब चैकन्ना हो गए हैं। सोमवार की रात को आईपीएस के नाम से बनाई गई फर्जी आईडी के माध्यम से पैसे मांगे जाने से दीपक पहले तो सकपका गए उसके बाद जब वह इस बात को समझ गए कि यह किसी साइबर ठग का काम है तो वह काफी देर तक उससे बात करते रहे, लेकिन बाद में जब ठग को यह पता चला कि दीपक पैसे देने वाला नहीं है तो वह कुछ देर बाद ही ऑफलाइन हो गया। इधर, स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस तरह के किसी भी मामले की उसे जानकारी नहीं है।