हाथरस : रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ीं बसें।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना ने भक्तों के हरिद्वार कुंभ में स्नान की राह को रोक दिया है। संक्रमण बढ़ने के कारण हाथरस डिपो ने हरिद्वार की बस सेवा को बंद कर दिया है। इस कारण सोमवार को सोमवती अमावस्या पर भक्तों के लिए गंगा स्नान मुश्किल हो गया है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो द्वारा हरिद्वार रूट पर दो बसों का संचालन किया जाता है, जिसमें एक बस दोपहर और दूसरी बस रात को बस स्टैंड से जाती थी। अब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर प्रचंड होती जा रही है। साथ ही कुंभ में शामिल होने वालों के लिए कोरोना की जांच रिपोर्ट भी जरूरी है।
संक्रमण की रफ्तार बढ़ने के कारण डिपो ने हरिद्वार रूट पर चलने वाली बस सेवा को पूरी तरह बंद कर दिया है। इस कारण गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। एआरएम शशी रानी का कहना है कि कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण हरिद्वार रूट की बस सेवा बंद कर दी गई है।