न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
कस्बा के सुभाष बाजार निवासी एक कोरोना संक्रमित वृद्धा की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कई दिनों से बीमार चल रही थी। एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अलीगढ़ के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। अभी कुछ दिन पहले ही मृतका के बड़े बेटे की भी मौत हो गई थी।
कस्बा निवासी दुलारी देवी (70) पत्नी हरनारायण शर्मा कई दिनों से बीमार चल रही थी। बुधवार की दोपहर को वह सीएचसी पर दवा लेने अपने भाई के साथ गई थीं। वहां डॉक्टरों ने उनका एंटीजन टेस्ट किया जिसमें वह पॉजिटिव पाई गई। उनको सांस लेने में भी परेशानी हो रही थी। हालत को देखते हुए सीएचसी से उनको हाथरस रेफर कर दिया। हाथरस से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
अलीगढ़ के दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में उनका इलाज चल रहा था। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अभी कुछ दिन पहले मृतका के बड़े पुत्र की भी मौत हो गई थी। उससे पहले उनके पति एवं दो बेटे भी मौत के गाल में समा चुके हैं। दुलारी देवी के निधन से अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
बुढ़ाइच में भी दो लोगों की हो चुकी है मौत
क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। उसके बावजूद लोग टेस्ट के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। हाल ही में गांव बुढ़ाइच में एक महिला सहित दो लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस कारण क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। इतना होने पर भी कोई भी अपनी मर्जी से कोरोना टेस्ट के लिए नहीं आ रहा है। क्षेत्र में वायरल फीवर एवं अन्य कारणों से बीमार पड़े लोगों की संख्या प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।