न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की तीन दर्जन ग्राम पंचायतों में मनरेगा का अंशदान न मिलने के कारण पंचायत भवनों का निर्माण अटक गया है। सभी विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत ने इस बारे में अपनी रिपोर्ट जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) को सौंपी है। अब डीपीआरओ ने उपायुक्त मनरेगा को पत्र लिखकर पंचायत भवनों के लिए मनरेगा का अंशदान जारी करने की मांग की है, जिससे पंचायत भवनों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराके इनका मिनी सचिवालय के रूप में संचालन शुरू कराया जा सके।
शासन के निर्देश पर जिले की ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का निर्माण किया जा रहा है। इन भवनों के निर्माण में मनरेगा से श्रम व सामग्री का बजट दिया जाता है। जिले में करीब तीन दर्जन ग्राम पंचायतों का निर्माण लंबे समय से लटका है। इस संबंध में डीपीआरओ सुबोध जोशी ने संबंधित एडीओ पंचायत को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। सभी एडीओ पंचायत ने इसके जवाब में अपनी जो रिपोर्ट भेजी है, उसमें कहा गया है कि मनरेगा से मिलने वाले बजट की धनराशि नहीं मिल रही है।
इस कारण पंचायत भवन का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा। डीपीआरओ सुबोध जोशी ने बताया कि एडीओ पंचायत के माध्यम से पता चला है कि मनरेगा का अंशदान न मिल पाने के कारण पंचायत भवनों का निर्माण पूर्ण नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में सीडीओ के माध्यम से डीसी मनरेगा को पत्र लिखकर तत्काल धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। संवाद