न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
कस्बे में राजमार्ग पर जूनियर हाईस्कूल के निकट शुक्रवार की दोपहर को एक ठग ने एक 50 वर्षीय महिला को ठगी का शिकार बनाया। ठग महिला को बहला-फुसलाकर सोने के कुंडल एवं दो हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। उसको काफी तलाश किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
ग्राम रुदायन निवासी ओमवती की ससुराल अनूपशहर जिले के गांव हिंदकुंद में थी। पति वीरी सिंह फौज में नौकरी करते थे। उनकी मौत हो चुकी है। वीरी सिंह की मृत्यु के बाद महिला अपने पैतृक ग्राम रुदायन में परिवार सहित रहती है। कस्बा के मोहल्ला अजीत नगर में उनके भाई की पत्नी परिवार सहित रहती है।
ओमवती शुक्रवार की दोपहर को अपने भाई के घर मोहल्ला अजीतनगर से वापस आ रही थी। राजमार्ग पर जैसे ही वह जूनियर हाईस्कूल के निकट पहुंची, वैसे ही एक ठग ने झांसा देकर ओमवती से कानों के कुंडल उतरवाकर दो हजार रुपये ले लिए और फरार हो गया। मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। परिजन भी सूचना पाकर मौके पर आ गए, लेकिन ठग का कोई अता-पता नहीं चला। पीड़ित महिला हाथ मलती रह गई। पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जाहिर की है।