आवारा पशुओं को छोड़ने को लेकर भिड़े लोग शिकायत लेकर थाने में पहुंचे।
- फोटो : SASNI
मवेशियों को गोशाला छोड़ने आ रहे लोगों से मारपीट
आवारा पशु भगाए, पीड़ितों ने तीन के खिलाफ दी तहरीर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
सासनी (हाथरस)। आवारा पशुओं को लेकर रविवार की सुबह गांव से पराग डेयरी में बनी अस्थाई गोशाला में आ रहे लोगों को ग्राम सठिया के निकट नामजद आरोपियों ने रोक लिया और इन लोगों के साथ मारपीट कर पशुओं को भगा दिया।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ग्राम बसगोई निवासी हरेंद्र पुत्र जंगजीत ने थाने में तहरीर दी है। ग्राम बसगोई निवासी हरेंद्र सिंह अपने पड़ोसी महेश पुत्र गिर्राज और बांके पुत्र नारायण के खेतों में घूम रहे आवारा पशुओं को रोक कर पराग डेयरी में बनी अस्थायी गोशाला में लेकर आ रहे थे। यह लोग आवारा पशुओं द्वारा फसल में किए जा रहे नुकसान से परेशान थे।
किसानों ने आवारा पशुओं को गोशाला में छोड़ने का निर्णय लिया। रविवार की सुबह यह किसान आवारा पशुओं को लेकर सठिया के निकट रजवाहा से होकर पराग डेयरी आ रहे थे। सठिया के ग्रामीणों ने समझा कि यह किसान आवारा पशुओं को उनके गांव में छोड़ने आए हैं। इसी बात पर दोनो पक्षों के मध्य कहासुनी एवं मारपीट हो गई। मारपीट में हरेंद्र व बांके को चोट भी आई हैं। सठिया के किसानों ने जबरन किसानों को रोककर वापस भगा दिया। बसगोई के हरेंद्र आर्य ने थाने पहुंचकर तीन लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।