न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस मंडी समिति को जल्द ही आदर्श मंडी बनाया जाएगा। मंडी प्रशासन ने मंडी में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए साढ़े चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इस बजट से मंडी में आढ़तियों और यहां उपज बेचने आने वाले किसानों को मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। फिलहाल शासन से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस मंडी ई मंडी में शामिल है। इन-दिनों कारोबारियों द्वारा ऑनलाइन कारोबार किया जा रहा है। बदलते परिवेश में मंडी प्रशासन ने मंडी को मूलभूत सुविधाओं से लैस करने की योजना बनाई है। इस क्रम में हाथरस मंडी को आदर्श मंडी बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके तहत मंडी परिसर में दुकानों की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराई जाएगी। गोदामों के टिनशेड बदले जाएंगे। सीमेंट की टिन की जगह प्रोफाइल सीट लगाई जाएंगी।
किसानों के लिए पेयजल व्यवस्था के लिए सेक्टर बार नौ हैंडपंप लगाए जाएंगे। मंडी के गेट पर लगे इलेक्ट्रोनिक कांटे की क्षमता 50 से बढ़ाकर 120 किलो की जाएगी। इसके अलावा प्लेटफार्म आदि को दुरुस्त किया जाएगा। किसान भवन को चमकाया जाएगा। मंडी परिसर में किसानों के लिए ढाबा संचालन की भी योजना है, किसान अपना माल लेकर मंडी में आएं तो उन्हें खाने-पीने के लिए भटकना न पड़े। संवाद
हाथरस मंडी समिति को आदर्श मंडी का दर्जा दिया जाए। इसके तहत यहां आढ़तिया व किसानों के लिए पर्याप्त सुविधाएं दी जाएं। मंडी में सुविधाएं बढ़ेंगी तो मंडी में किसान ज्यादा माल लेकर भी आएंगे।
-प्रवीन वार्ष्णेय, आढ़तिया
हाथरस मंडी में दुकानों की रंगाई-पुताई नहीं हुई है। टिनशेड भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यदि इसे आदर्श मंडी का दर्जा मिल जाए तो यहां खामियां दूर होगी। मूलभूत सुविधाएं भी मिलेगी।
-उमाशंकर वार्ष्णेय, आढ़तिया
हाथरस मंडी को आदर्श मंडी बनाया जाए। मंडी परिसर में किसानों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। माल के आवागमन का सुगम तरीका बनाया जाए, ताकि किसानों को फसलों के बेचने में और सहूलियत मिले।
-राजू किसान
मंडी परिसर गेट पर जो कांटा लगा हुआ है, वह कम क्षमता का है। जब कोई माल बाहर जाता है तो उसकी तुलाई के लिए काफी दिक्कतें होती हैं। अगर इसे आदर्श मंडी बनाया जाता है तो यहां किसानों को पर्याप्त सुविधाएं मिलेंगी।
-भूपेंद्र कुमार, किसान
आदर्श मंडी बनाने के लिए करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। आदर्श मंडी के तहत किसानों व आढ़तियों को मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। दुकानों के आगे टिनशेड की मरम्मत और रंगाई पुताई के काम कराए जाएंगे। सेक्टर वार हैंडपंप लगाए जाएंगे। शासन स्तर से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
-यशपाल सिंह, मंडी सचिव