हाथरस : कोरोना कर्फ्यू के चलते बंद शहर का बैनीगंज बाजार।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना कर्फ्यू के चलते शनिवार को पूरे दिन शहर के मुख्य बाजार बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। पुलिस सड़कों पर गश्त करती रही और वाहनों की चेकिंग करती रही। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। हालांकि दवा, दूध आदि की दुकानें खुली रहीं।
शुक्रवार की रात्रि आठ बजे लागू हुआ कोरोना कर्फ्यू शनिवार को काफी प्रभावी दिखाई दिया। सड़कें सूनी दिखाई दी। मंडी समिति बंद रही। रोडवेज बस स्टैंड पर भी सन्नाटा पसरा रहा। वाहनों की आवाजाही बेहद कम रही। रेलवे स्टेशन पर भी काफी कम यात्री दिखाई दिए। पुलिस ने शहर में ही कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया और बिना वजह घूम रहे लोगों के चालान किए। बिना मास्क घूमने वाले लोगों का भी पुलिस ने जुर्माना किया।
चोरी-छिपे खुली कुछ दुकानें
हाथरस। शहर में कुछ दुकानदारों ने जरूर चोरी छिपे अपनी दुकानों के शटर आधे खोलकर कुछ सामान बेचा। उन्हें पुलिस की चेकिंग का डर सताता रहा। शहर के बाहरी इलाकों में जरूर इक्का-दुक्का दुकानें खुली रही।