न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के परिवहन विभाग के अफसरों ने कमर कस ली है। विभाग की टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर मॉडिफाइड वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग की गई। इस दौरान पांच वाहनों के चालान काटे गए। अभियान से परेशान वाहन स्वामी खुद साइलेंसरों को निकलवा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बुलेट बाइक के मालिकों ने अपने वाहन को मॉडिफाइड कराके उनकी साइलेंसर की आवाज को बदलवा दिया है। ये वाहन स्वामी तेज आवाज के साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण को भी बढ़ा रहे हैं। तेज आवाज से व्यक्ति की एकाग्रता का हनन होता है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए संभागीय परिवहन विभाग ने ऐसे वाहनों पर लगाम लगाने के लिए चेकिंग अभियान की शुरुआत की है।
बृहस्पतिवार को 100 अधिक वाहनों की चेकिंग की गई। काफी वाहन स्वामी मकैनिकों की दुकान पर साइलेंसर को निकलवाते हुए नजर आए। पांच वाहनों का चालान काटा गया। इससे वाहन स्वामियों में खलबली मची रही। एआरटीओ प्रवर्तन लालाराम का कहना है कि 100 से अधिक वाहनों को चेक किया गया। पांच वाहनों के चालान काटे गए हैं।