हाथरस: ठगी के शिकार पति पत्नी से पूछताछ करते सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
कार में बिठाने का झांसा देकर दंपती से लाखों के जेवर ठगे
पीड़िता ने सीओ को बताई पूरी घटना, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ (हाथरस)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की दोपहर को गांव पोरा जा रहे वृद्ध दंपती को कार में बिठाने का झांसा देकर महिला से दो ठगों ने लाखों रुपये कीमत के जेवर उतरवा लिए और पांच हजार की नकदी भी ठग ली। इसके बाद यह शातिर ठग इत्मीनान से फरार हो गए। वृद्धा को जब अपने साथ ठगी का अहसास हुआ तो वह कोतवाली पहुंची। सीओ से मिलकर पूरी घटना बताई। दंपती ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
खुर्जा के गांव शाहपुर कलां निवासी सुमनलता सक्सेना अपने पति बनवारीलाल सक्सेना के साथ अपने मायके के गांव मगरौली थाना निधौली कलां (एटा) जाने के लिए कोतवाली के पास गांव पोरा के लिये वाहन के इंतजार में खड़ी थीं। तभी एक युवक वहां आया और वृद्धा से कहा कि वह पोरा जा रहे हैं। चाहें तो वह उनकी कार में बैठ सकते हैं।
कार के पास ले जाकर युवक ने वृद्धा से कहा कि आगे चेकिंग हो रही है। लिहाजा वह अपने जेवर उतारकर पर्स में रख लें। वृद्धा ने झ़ुमकी, पेंडल, कंठी और दो अंगूठियां उतारकर पर्स में रख लीं। पर्स में पांच हजार रुपये भी रखे थे। युवक ने अपना बैग महिला को थमा दिया और पर्स लेकर रफूचक्कर हो गया। ठग के बैग में फटे कपड़े मिले।