संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के बैनर तले मंगलवार को हाथरस रोड बढ़ार चौराहा स्थित आरबी गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेज में विधानसभा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कॉलेज के चेयरमैन और वरिष्ठ भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम द्वारा कई स्कूलों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को भाजपा सरकार द्वारा शिक्षक हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई और आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
शुभारंभ भाजपा बृज क्षेत्र शिक्षक प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. वीरेंद्र चौहान और कॉलेज चेयरमैन धर्मेंद्र गौतम ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के छविचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। डॉ. वीरेंद्र चौहान ने कहा कि शिक्षक न सिर्फ राष्ट्र निर्माता हैं, बल्कि समाज को शिक्षा और दिशा देने का काम भी करते हैं।
भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार शिक्षकों के उन्नयन के लिए काम कर रही हैं। विद्यालयों की तस्वीर को भी भाजपा सरकार में संवारा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में शिक्षकों की बहुत बड़ी भूमिका होगी, क्योंकि समाज को नई दिशा देने का काम शिक्षक ही करता है। सभी शिक्षक घर-घर जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएं और राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हुए सबका साथ सबका विश्वास के नारे को साकार करें।
धर्मेंद्र गौतम ने कहा कि हमारी परंपरा में गुरु का स्थान सबसे ऊपर माना गया है। विधानसभा चुनाव में शिक्षकों की बहुत बड़ी भूमिका होगी, हम खुद एक शिक्षक हैं। लिहाजा शिक्षक यह भली भांति सोचकर तय करे कि राष्ट्र के साथ कौन है और कौन नहीं। जनता को भाजपा के काम गिनाते हुए आगामी चुनाव में भाजपा को मजबूत करने का आह्वान करें।
डॉ. पुष्पेंद्र पचौरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने डेढ़ लाख शिक्षकों की भर्ती की और भर्ती भी भ्रष्टाचार मुक्त हो रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने भी सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रहीं कई योजनाओं की जानकारी दी। चेयरमैन धर्मेंद्र गौतम ने सभी शिक्षकों व प्रधानाचार्यों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। संचालन शिक्षक संयोजक रमेश चंद्र गौतम ने किया।
इस मौके पर देवेंद्र कुमार सारस्वत, डॉ. शीलेंद्र कुमार, अरुण कौशिक, संदीप कुमार, अशोक चौधरी, महेंद्रपाल गौतम, अतुल कुमार शर्मा, राजबहादुर बघेल, दलवीर सिंह चौधरी, विनीत गौतम, पुष्पेंद्र उपाध्याय, कालीचरण गौतम, सतेंद्र सिंह, इंद्रजीत सिंह, राकेश कुमार, तरुण कुमार गौतम, पीयूष जैन, योगेश गौतम, आरबी गौतम, हर्षित गौतम, हेमंत चौधरी, भरत, आयुष आदि मौजूद रहे।