हाथरस : एसडीएम को राशन के गेहूं में निकले सीमेंट को दिखाते कार्डधारक।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
राशन सामग्री की गुणवत्ता में लापरवाही लगातार सामने आ रही है। बुधवार को कार्ड धारकों को सीमेंट मिला गेहूं वितरित कर दिया गया। इससे कार्ड धारकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। कार्ड धारक वितरित किए गए गेहूं को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और वहां एसडीएम को सीमेंट मिले गेहूं को दिखाया। एसडीएम ने तत्काल ही कार्रवाई करते हुए मौके पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को भेजा, जिसके बाद सीमेंट मिले गेहूं के वितरण पर रोक लगा दी गई। जिन उपभोक्ताओं को यह गेहूं वितरित किया गया था, उनसे भी गेहूं को वापस ले लिया गया।
कार्डधारकों ने एसडीएम को बताया कि जब वह राशन सामग्री लेने पहुंचे तो वहां उन्हें गेहूं तो मिला, लेकिन गेहूं में सीमेंट मिला हुआ था। इसके खाने से वह और उनके बच्चे बीमार हो जाएंगे। जब उन्होंने इसकी शिकायत राशन वितरक से की तो उसने बताया कि ऊपर से ही इसी तरह की आपूर्ति आई है।
एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी लालजीपाल राशन की दुकान पर पहुंचे और वहां सिले हुए एक-दो गेहूं के बोरों को खुलवाकर देखा तो उनमें भी सीमेंट मिला हुआ गेहूं निकला। लिहाजा उन्होंने गोदाम प्रभारी को इस गेहूं को दुकान से वापस लेने के निर्देश दिए और कुछ कार्डधारकों को वितरित किए गए गेहूं को भी वापस कराया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने बताया कि उन्होंने खुद मौके पर गेहूं के एक-दो सिले हुए बोरों को खुलवाकर देखा था तो उनमें भी कुछ सीमेंट था। इस तरह के गेहूं को गोदाम पर वापस करा दिया गया है।