न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में इगलास अड्डा पर देसी शराब के ठेके के पास एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से हुई डेढ़ साल की बच्ची की मौत के मामले में बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अब आरोपी झोलाछाप डॉक्टर की तलाश शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ जिले के थाना इगलास क्षेत्र के गांव अखैपुर निवासी सुरेशचंद्र की डेढ़ साल की बेटी कल्लो को बचपन से ही बोलने में दिक्कत थी। माता-पिता ने उसको इस झोलाछाप चिकित्सक को दिखाया था। चिकित्सक ने बच्ची की जीभ के नीचे तुतना को ब्लेड से काट दिया था, जिससे बच्ची की हालत खराब हो गई। करीब दो घंटे तक बच्ची झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक पर ही तड़पती रही। कुछ देर बाद ही बच्ची की मौत हो गई।
पिता सुरेशचंद्र ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उसे बच्ची की मौत का जिम्मेदार ठहराया था। यहां पर उसके परिवार के लोग भी पहुंच गए और सभी लोग बच्ची के शव को लेकर कोतवाली हाथरस गेट पहुंचे थे। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी एसएचओ चतर सिंह राजौरा ने बताया कि बच्ची के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।