न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
क्षेत्र के गांव दर्शना में एक भाजपा नेता ने फिर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों पर जानलेवा फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने इस तरह की किसी भी घटना से इंकार किया है।
उल्लेखनीय है कि गांव दर्शना में 31 दिसंबर को दो समुदायों के लोगों के बीच मंदिर में बकरी जाने को लेकर झगड़ा हो गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले ने पिछले दिनों तब खासा तूल पकड़ लिया था, जब गांव पहुंचे पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के समक्ष एक युवक ने अपने आप को आग लगा ली थी।
हालांकि आग तत्काल ही बुझ गई थी। इसके बाद इस मामले लेकर सियासत भी हुई थी। अब भाजपा नेता महेश कौशिक पुत्र मुन्नालाल शर्मा निवासी गांव दर्शना रोड मुरसान ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार की रात को वह शौच के लिए गया था। वापस आते समय गांव के ही दूसरे समुदाय के तीन लोग मिल गए।
महेश कौशिक का आरोप है कि तीनों लोग हाथों में तमंचा लेकर आ गए और कहने लगे कि तू बड़ा बीजेपी का नेता बनता है। तूने हमारे खिलाफ मुकदमा लिखा रखा है। तीनों ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से गोलियां गोली चला दीं, जिससे वह बच गया है। मुरसान कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा का कहना है गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। गोली चलने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। जिन लोगों पर आरोप लगाया गया है, वह लोग मुकदमा लिखे जाने के बाद से यहां नहीं हैं।