न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रसोई गैस सिलिंडरों में गैस कम निकलने के मामले में एसडीएम सदर के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह रिपोर्ट श्याम गैस एजेंसी के स्वामी, हॉकर सहित चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई गई है। इनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
रसोई गैस सिलिंडरों से गैस कम निकलने की शिकायत एसडीएम सदर से की गई थी। शिकायतों पर एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश मीणा ने अलीगढ़ रोड पर वितरण के लिए जा रही श्याम गैस एजेंसी की सिलिंडरों से भरी गाड़ी को रुकवाकर चेक किया था, जिसमें 25 सिलिंडरों का वजन डेढ़ से ढाई किलोग्राम तक कम मिला था।
गाड़ी को सिलिंडरों सहित सीज कर दिया गया। अब इस मामले में मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक सुमन सारस्वत की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें कछपुरा निवासी शिवकुमार, साकेत कॉलोनी निवासी हॉकर मनोज शर्मा और श्याम गैस एजेंसी संचालक अशोक मौर्य व मुकेश मौर्य का नाम शामिल है।