न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव हतीसा-भगवंतपुर के निकट स्थित सीलबंद वेदांता हॉस्पिटल से एक साझीदार द्वारा दीवार काटकर सामान निकाले जाने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। दो नामजदों के अलावा पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि अनियमितताओं के चलते जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब छह महीने पहले हतीसा-भगवंतपुर के निकट स्थित वेदांता हॉस्पिटल को सील किया था। अस्पताल के दो साझीदार थे। एक साझीदार विजय सिंह निवासी 100 फुटा रोड विजयकुंज कालिंदी विहार आगरा ने दूसरे साझीदार मोहित अग्रवाल पर अस्पताल के भवन की दीवार काटकर पीछे के रास्ते से सामान चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया था।
उनका आरोप है कि पांच-छह लोगों को रविवार को उन्होंने रंगे हाथ पकड़ा था, लेकिन उनके साथ मारपीट कर मकान मालिक और कुछ लोगों ने उन्हें जबरन छुड़ाकर भगा दिया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन आरोपी वहां से भाग गए थे। अब पुलिस ने विजय सिंह की तहरीर पर मोहित अग्रवाल, उसकी पत्नी श्वेता अग्रवाल और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 406 और 336 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली हाथरस गेट के एसएचओ जगदीश चंद्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।