न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तहसील सिकंदराराऊ के बसई बावस में पकड़े गए 25 क्विंटल चावल के मामले की जांच के दौरान संबंधित डीलर के यहां स्टॉक कम पाया गया। इस आधार पर राशन डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
विभाग को यह सूचना मिली कि ग्राम बसई बावस की उचित दर विक्रेता अमरवती देवी द्वारा खाद्यान्न वितरण न कर अवैध रूप से इसकी कालाबाजारी की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पूर्ति निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया।
पूर्ति निरीक्षक ने जांच में पाया कि उचित दर विक्रेता अमरावती देवी द्वारा 113 बोरे गेहूं, 101 बोरी चावल और 9 बोरी चना की अवैध रूप से कालाबाजारी कर दी गई है। थाना सिकंदराराऊ में उचित दर विक्रेता के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया है।