न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्यौराज जीवन के खिलाफ चंदपा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि चंदपा की बिटिया के मामले को लेकर उन्होंने लोगों को जाति और धर्म के नाम पर भड़काया, जिससे दंगा होने की आशंका थी। श्यौराज जीवन कांग्रेस पार्टी में शहर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी रहे हैं।
चंदपा क्षेत्र के बिटिया के प्रकरण को लेकर विभिन्न दलों के राजनेता गांव पहुंच रहे हैं। वह अपनी अपनी बात रख रहे हैं। उनमें से कुछ नेता ऐसे भी हैं, जिन पर जाति व धर्म के नाम पर दंगा भड़काने की कोशिश करने का आरोप है। एक न्यूज चैनल ने कांग्रेस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे श्यौराज जीवन का स्टिंग ऑपरेशन किया।
आरोप है कि इसमें श्यौराज जीवन द्वारा दंगा भड़काने की बात कही जा रही है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए कोतवाली चंदपा में उनके खिलाफ धारा 153ए, 505, 506 आईपीसी और 84 सी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।