प्रभारी मंत्री से की शिकायत, मिलने के लिए लखनऊ बुलाया
लाइट लगाने के कार्य में ईओ और चेयरमैन पर है धांधली का आरोप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ (हाथरस)। चेयरमैन और ईओ पर धांधली का आरोप लगाने वाले 11 सभासदों ने अब प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी से मिलकर मामले में जांच की मांग की है। उन्होंने मंत्री को बताया कि इस मामले में जांच की रफ्तार काफी धीमी है। अब तक जांच में कोई प्रगति नहीं दिख रही है। इस पर मंत्री ने सभी सभासदों को लखनऊ बुलाया है।
बता दें कि लाइट लगाने के कार्य में धांधली बरतने का आरोप लगाते हुए 13 में से 11 सभासदों ने कार्य में गड़बड़ी की शिकायत काफी दिन पहले की थी। मामले की जांच करने के आदेश तो हुए लेकिन जांच शुरू नहीं हुई। शासन तक ने जांच के आदेश दिए लेकिन हुआ कुछ नहीं। प्रभारी मंत्री को बताया गया कि आपने मामले की जांच के लिए सचिव को पत्र भी लिखा था। सभासदों ने बताया कि उनको धमकियां दी जा रही है कि सपा की सरकार आने दो सबको जेल भेजा जाएगा।
इधर, जांच अधिकारी नामित पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। ऐसे में कैसे निष्पक्ष जांच होगी यह भी बड़ा सवाल है। सभासदों ने शासन से ही अधिकारी भेज कर जांच का आग्रह किया। सभासद मुकेश जाखेटिया, बिलियम बाबू, गुड़िया, प्रेमचंद्र, प्रीती, कल्लू आदि से प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने लखनऊ आने की बात कही है। सभासदों का कहना है कि जब तक जांच में दूध का दूध पानी का पानी नहीं होगा तब तक वे संघर्ष करते रहेंगे।